"महा" तूफान अब गुजरात के तट से नहीं टकराएगा।
मौसम विभाग ने बताया है कि चक्रवाती तूफान 'महा' अब गुजरात के तट से नहीं टकराएगा। पहले इसके आज 7 नवंबर को गुजरात के तट से टकराने की चेतावनी जारी की गई थी। इसके अलावा गोवा और महाराष्ट्र में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह भी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में भी एक नया चक्रवाती तूफान बुलबुल बनता हुआ दिखाई दे रहा है। बुलबुल इस साल का 7 वां चक्रवाती तूफान होगा।
मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी करते हुए चक्रवाती तूफान महा के कारण छह नवंबर को गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्र तथा अंडमान निकोबार में कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश, तथा कोंकण, गोवा एवं मध्य महाराष्ट्र में तेज बारिश की आशंका जतायी थी। 7 नवंबर को गुजरात में कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश के अलावा जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश और अंडमान निकोबार में कुछ स्थानों पर भारी बारिश तथा इन इलाकों के अलावा हरियाणा में तूफानी हवाओं की चेतावनी दी है। इससे पहले मौसम विभाग ने कहा था कि 6 नवंबर की रात या 7 नवंबर की सुबह चक्रवात 'महा' गुजरात के पोरबंदर और दीव के बीच समुद्री तट से टकरा सकता है। इस दौरन वहां 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। तेज हवाओं के साथ-साथ ही तटीय इलाकों में भारी बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग की ताजा जानकारी के अनुसार चक्रवाती तूफान महा के कारण तटीय कोंकण, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। यह तूफान सात नवंबर को गुजरात तट पर दस्तक दे सकता है।